ग्वालियर प्रेमी के साथ देख लिया था मां को, 3 साल के मासूम की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आए एक दिल दहला देने वाले मामले में अदालत ने कलयुगी मां को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अवैध प्रेम संबंध उजागर होने के डर से एक मां ने अपने ही 3 साल के मासूम बेटे को दो मंजिला छत से नीचे फेंककर मौत के घाट उतार दिया था।
यह खौफनाक घटना 28 अप्रैल 2023 की है। ग्वालियर निवासी ज्योति राठौड़ का अपने पड़ोसी उदय इंदौलिया के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना की शाम ज्योति अपने प्रेमी के साथ घर की छत पर आपत्तिजनक हालत में मौजूद थी। इसी दौरान उसका 3 साल का बेटा जतिन उसे ढूंढते हुए छत पर पहुंच गया।
राज खुलने के डर से मां बनी कातिल
मासूम बच्चे ने अपनी मां को किसी और की बाहों में देख लिया। ज्योति को डर था कि बच्चा यह बात अपने पिता को बता देगा, जो कि पुलिस विभाग में कांस्टेबल हैं। सामाजिक बदनामी और रिश्ते टूटने के भय में ज्योति ने निर्दयता की सारी हदें पार कर दीं और अपने ही बेटे को छत से नीचे फेंक दिया।
हादसा दिखाने की कोशिश, लेकिन सच आया सामने
घटना के बाद इसे एक हादसा बताने की कोशिश की गई, लेकिन बच्चे की मौत के हालात और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मां को आरोपी बनाया।
कोर्ट का सख्त संदेश
लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने ज्योति राठौड़ को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने कहा कि यह अपराध न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि मां-बेटे जैसे पवित्र रिश्ते को भी शर्मसार करता है।
इस फैसले को समाज के लिए एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि अपराध चाहे कोई भी करे, कानून के सामने सभी बराबर हैं।




