NEWS

देवास में अवैध शराब प्रकरण में दो और आरोपी गिरफ्तार, नकली शराब बनाने के नेटवर्क का खुलासा

चंदाना में संदिग्ध मौतों के बाद पुलिस की जांच में सामने आई नई कड़ियां, जितेंद्र मालवीय और राहुल गोस्वामी को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा

देवास। चंदाना अवैध शराब प्रकरण में देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र मालवीय निवासी गोपाल नगर इटावा और राहुल गिरी उर्फ राहुल गोस्वामी निवासी नेहरू नगर देवास के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग अम्बेडकर नगर के पास घेराबंदी कर 54 लीटर देशी शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 300 क्वार्टर देशी शराब, एक वरना कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंदाना में संदिग्ध मौतों की खबरों के बाद अजय उर्फ अज्जू राठौर, विनोद जायसवाल और रामेश्वर सोनगरा अपनी बची हुई शराब की खेप छिपाने के उद्देश्य से कार में सवार होकर अम्बेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग की ओर आ रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर कार क्रमांक MP09CF3645 को रोका और तलाशी के दौरान छह पेटियों में रखे 300 क्वार्टर, कुल 54 लीटर देशी शराब बरामद की।


मामले में अपराध क्रमांक 768/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया था। आगे की विवेचना में नकली शराब तैयार करने के प्रयास, केमिकल उपलब्ध कराने और अवैध शराब के विक्रय एवं वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। इसके बाद प्रकरण में आबकारी अधिनियम की धारा 42 और 49(क) का इजाफा किया गया। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे अवैध शराब निर्माण और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब का सेवन न करें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सूचना के लिए डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049125083 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button