NEWS

देवास: 4 घंटे में चोरी का खुलासा, मोटरसाइकिल और सोयाबीन बरामद

हेडलाइन: ऑपरेशन त्रिनेत्रम् की मदद से 4 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार



देवास पुलिस के ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत बरोठा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोयाबीन की कट्टी और मोटरसाइकिल चोरी के मामले का महज चार घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और सोयाबीन की कट्टी सहित करीब 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।



मामला देवास जिले के बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी का है, जहां 19 अक्टूबर को फरियादी जीवन सूर्यवंशी ने घर से सोयाबीन की कट्टी और मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दौरान दोबारा चोरी करने पहुंचे एक संदिग्ध को सोयाबीन की कट्टी चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर थाना प्रभारी सविता सिंह जाटव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने उज्जैन जिले के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरेट निवासी 32 वर्षीय नारायण सोंधिया को गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और सोयाबीन की कट्टी बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध भैरवगढ़ थाने में पहले से भी एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।



बरोठा पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button