बच्चों का भोजन चखकर कलेक्टर ने परखी गुणवत्ता, कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी

आंगनवाड़ी केंद्र अरनिया जागीर का किया निरीक्षण, बच्चों ने सुनाई कविताएं; वजन और ऊंचाई भी कराई माप
देवास। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सोनकच्छ के पीपलरांवा में आयोजित शिविर से पहले कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने अरनिया जागीर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते और पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं भोजन चखकर देखा। साथ ही बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से छह वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों की संख्या, नियमित उपस्थिति और पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीयन के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति भी जानी। केंद्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति पूछने पर कार्यकर्ता ने बताया कि वर्तमान में एक भी बच्चा गंभीर कुपोषण (सेम) श्रेणी में नहीं है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर लगातार ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो।
केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और नियमित उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने सामने बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर रिकॉर्ड एवं उपकरणों की जांच भी की। निरीक्षण के दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ कलेक्टर को कविताएं सुनाईं। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी बच्चों को समय पर यूनिफॉर्म वितरित करने, टीकाकरण की नियमितता बनाए रखने और एलईडी टीवी के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए पीएचई विभाग से समय-समय पर पानी की जांच कराने को भी कहा। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने आंगनवाड़ी परिसर में सुरजना का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
