21 जगहों पर जनचौपाल: देवास पुलिस ने साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा और नशे को लेकर किया जागरूक

देवास। पुलिस और आमजन के बीच संवाद और विश्वास मजबूत करने के लिए देवास पुलिस ने रविवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 21 स्थानों पर जनचौपाल लगाई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों व नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने। साथ ही अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा को लेकर जरूरी जानकारी दी।
जनचौपाल में पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी लगाने की अपील
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी कैमरों के महत्व की जानकारी दी। लोगों से घर, दुकान और प्रतिष्ठानों के बाहर कैमरे लगाने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी से चोरी, लूट सहित अन्य अपराधों की रोकथाम के साथ आरोपियों की पहचान और घटनाओं के खुलासे में मदद मिलती है।
हेलमेट और महिला सुरक्षा पर भी समझाइश
जनचौपाल में सड़क सुरक्षा को लेकर दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट लगाने, निर्धारित गति से वाहन चलाने और रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार व समाज की भूमिका के बारे में बताया गया।
4,440 जनचौपाल में 1.43 लाख लोगों से संवाद
देवास पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2024 से अब तक 4,440 जनचौपाल आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 1,43,420 लोगों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना देने और आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की है।
इन स्थानों पर हुई जनचौपाल: उमाकांत कॉलोनी, इंडस्ट्रियल एरिया, आवास नगर, मोहसिनपुरा, कुबेर नगर, चापलाखेड़ी, पत्थर गुराड़िया, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, बुधासा, डुगनी, कैलाश नगर, निम्बोदा, खेड़ाखाल, पलासी, सबलगढ़, वार्ड नंबर 10 कन्नौद, यादव मोहल्ला खातेगांव, सतवास, दुलवा और बन्डी में पुलिस टीमों ने नागरिकों से संवाद किया।




