NEWS

3 पेटी शराब लेकर जा रहे दो तस्कर पकड़े, बाइक भी जब्त

देवास। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 पेटी देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में रविवार को मुखबिर की सूचना पर शिप्रा बायपास रोड से ग्राम बांगर की ओर जा रही एक बजाज डिस्कावर मोटरसाइकिल (एमपी-41 एमए-6754) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 3 पेटी देशी मदिरा बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि शराब का अवैध रूप से संग्रहण और परिवहन किया जा रहा था। इस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल जब्ती का मूल्य करीब 56 हजार 500 रुपए आंका गया है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव और आबकारी आरक्षक निहाल खत्री शामिल रहे। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button