देवास में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता, 400 विद्यार्थियों ने रंगों से सजाया ‘मेरे सपनों का भारत’

देवास। जन संकल्प अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 350 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
‘विकसित भारत, मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें उपस्थितजनों ने सराहा।
कार्यक्रम में विधायक मनोज चौधरी, राय सिंह सेंधव, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, राजेश यादव, बहादुर मुकाती सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले के छह विकासखंडों से भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण, रोजगार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता के चार विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।




