देवास में आधी रात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 617 वाहनों की जांच

13 गुण्डे और 8 हिस्ट्रीशीटर भी चेक किए, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर रही पुलिस की निगरानी
देवास। अपराधों की रोकथाम और रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए देवास पुलिस ने 19-20 सितंबर की मध्यरात्रि जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 617 वाहनों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, शहरी क्षेत्र में 408 और ग्रामीण क्षेत्र में 209 वाहनों की चेकिंग की गई। प्रमुख मार्गों, चौराहों, प्रवेश-निकास मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
निगरानीशुदा बदमाशों का भी सत्यापन
रात्रि गश्त के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में निगरानीशुदा बदमाशों की भी जांच की गई। पुलिस ने 13 गुण्डा और 8 हिस्ट्रीशीटर को चेक कर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों का सत्यापन किया।
एसपी पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त, नाकाबंदी और वाहन चेकिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण और अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
देवास पुलिस ने आमजन से रात में वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 पर देने को कहा है।




