स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट सेवा का सम्मान, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेम नारायण यादव को किया सम्मानित

अजय जायसवाल
देवास। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कर्तव्यनिष्ठ आबकारी अधिकारी प्रेम नारायण यादव को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में यादव को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया।
ध्वजारोहण और परेड की सलामी के बाद आयोजित सम्मान समारोह में प्रेम नारायण यादव के नाम की घोषणा की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पूरी निष्ठा और लगन से कर्तव्य निभाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे सम्मान प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
सम्मान मिलने पर प्रेम नारायण यादव ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ जनता और देश की सेवा करने की प्रेरणा देगी। सम्मान के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।



