NEWS

देवास जिले के 63 मंडलों व 46 बस्तियों में होंगे विशाल हिन्दू सम्मेलन

जनवरी में जिलेभर में धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन, समरसता भोज भी होगा

देवास।
हिन्दू समाज की एकजुटता को सशक्त करने, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से देवास जिले में व्यापक स्तर पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समाज द्वारा किया जा रहा है।
जिले के सभी 63 मंडलों एवं 46 बस्तियों में ये सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों द्वारा प्रत्येक हिन्दू परिवार को सम्मेलन में सहभागिता के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
सम्मेलनों का उद्देश्य हिन्दू समाज को अपनी सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों एवं संगठन शक्ति के प्रति जागरूक करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा राष्ट्रहित में सामूहिक योगदान की भावना को प्रोत्साहित करना है।
ये सम्मेलन जनवरी माह में जिले के ग्रामीण अंचलों के विभिन्न मंडलों एवं शहरी क्षेत्रों की बस्तियों में आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में प्रमुख संत, मातृशक्तियाँ, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी वक्ता के रूप में मार्गदर्शन देंगे।
सम्मेलनों के दौरान कलश यात्रा, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक समरसता के उद्देश्य से सहभोज (समरसता भोज) का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन हिन्दू समाज की एकता, शक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा और देवास जिले को सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में नई पहचान दिलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button