NEWS

देवास में अवैध मदिरा परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, मारुति वैन जप्त

50 पाव देशी मदिरा बरामद, एक प्रकरण दर्ज

देवास। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त श्री मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा 15 जनवरी 2026 को शहर में वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार आबकारी टीम ने शिया क्षेत्र में पारले कंपनी के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक मारुति वैन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 50 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई। मदिरा का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था, जिस पर टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर लिया गया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के अंतर्गत एक प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जप्त की गई मदिरा एवं वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 53 हजार 200 रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे के नेतृत्व में दिनेश भार्गव सहित आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, निहाल खत्री, दीपक टटवाड़े, आशीष गुप्ता, सैनिक किशोर एवं अनिल शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button