3.5 माह से लापता नाबालिग 750 किमी दूर गुजरात में मिली, ऑपरेशन मुस्कान में देवास पुलिस की कार्रवाई

देवास | थाना उदयनगर क्षेत्र से करीब साढ़े तीन माह पहले लापता हुई नाबालिग बालिका को देवास पुलिस ने गुजरात के बोटाद जिले से सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस टीम ने लगातार मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश करते हुए करीब 750 किमी दूर से बालिका को बरामद किया। शुक्रवार को उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार नाबालिग बालिका के लापता होने पर थाना उदयनगर में अपराध क्रमांक 250/03.09.2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था। बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगातार सक्रिय रखा गया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका गुजरात के बोटाद जिले में देखी गई है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की विशेष टीम को तत्काल गुजरात रवाना किया गया। टीम ने स्थानीय स्तर पर तलाश करते हुए 25 सितंबर को बोटाद से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नाबालिग के पुलिस कथन और न्यायालय के समक्ष दिए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन, एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन और थाना प्रभारी उदयनगर विजेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में की गई।
2026 में 243 नाबालिग दस्तयाब
देवास पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नाबालिग बालक-बालिकाओं के अपहरण के 246 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से पुलिस ने 243 बालक-बालिकाओं को दस्तयाब किया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को लंबे समय से लापता नाबालिगों की तलाश को मिशन स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।




