NEWS

बेसमेंट पार्किंग में दुकानें, सड़कों पर वाहन: देवास में जाम की बड़ी वजह बनी अव्यवस्था

देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार द्वारा समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में शहर की यातायात एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर सख्त रुख अपनाया गया। बैठक में सामने आया कि देवास शहर के कई व्यावसायिक भवनों में नियमों के विपरीत बेसमेंट पार्किंग में दुकानें संचालित की जा रही हैं, जिससे पार्किंग की मूल व्यवस्था समाप्त होती जा रही है और वाहन सड़कों पर खड़े होने से शहर में लगातार जाम की स्थिति बन रही है।
विशेषकर एबी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। जहां बेसमेंट पार्किंग में व्यवसाय किया जा रहा है, वहां आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े हो रहे हैं। इसके चलते दिनभर यातायात बाधित रहता है और पीक आवर्स में भारी जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आयुक्त ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि जिन व्यावसायिक मॉल एवं प्रतिष्ठानों में बेसमेंट पार्किंग की जगह पर दुकानें बना ली गई हैं अथवा पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही पार्किंग का दुरुपयोग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में निगम के लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे कम्पाउंडिंग कार्यों की धीमी प्रगति पर भी आयुक्त ने असंतोष जताया और संबंधित उपयंत्रियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। आवारा मवेशियों एवं स्वानों को पकड़ने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़कर लक्ष्य पूर्ति करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा अवैध से वैध नल कनेक्शन, सिवरेज कनेक्शन बढ़ाने, कचरा संग्रहण शुल्क की वसूली में प्रगति लाने, ईवी चार्जिंग प्वाइंट के लिए स्थान चयन तथा मैरिज गार्डनों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयावधि पत्रों एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button